
रिपोर्टर – प्रेम कुण्डले
बड़वाह/बेड़ियां। प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी बेड़ियां में भगवान मनोकामनेश्वर बाबा की भव्य शाही सवारी श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। पिछले 13 वर्षों से राधे-राधे मित्र मंडल, बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद, भगवा राज मित्र मंडल और ग्रामवासियों के सहयोग से शिव डोले का आयोजन किया जा रहा है। शाही सवारी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। डीजे, ढोल-ताशों और धार्मिक जयघोष के बीच निकले शिव डोले से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने भगवान मनोकामनेश्वर बाबा का पूजन-अर्चन कर शाही सवारी का स्वागत किया।शाही सवारी का भाजपा विधायक सचिन बिरला और बेड़ियां मंडल की टीम ने भी स्वागत किया। इसके अलावा विभिन्न समाजसेवी मंचों, राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों ने भी आयोजन में सहभागिता करते हुए श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं कीं।
शिव डोले में ग्रामीणों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और युवा भी उत्साहपूर्वक शामिल हुए। पूरे मार्ग में ‘हर-हर महादेव’ और भगवान मनोकामनेश्वर बाबा के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा। आयोजकों के अनुसार, पिछले 13 वर्षों से चली आ रही यह धार्मिक परंपरा अब क्षेत्र की आस्था, सामाजिक एकता और सहभागिता का प्रतीक बन चुकी है। आयोजन को सफल बनाने में विभिन्न संगठनों, समाजसेवियों और ग्रामवासियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।









