
रिपोर्टर – अरशद अली
दुर्ग। भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर दुर्ग जिला कोसरिया यादव महासभा के संयुक्त तत्वावधान में 6 सितंबर 2026, रविवार को भव्य श्रीकृष्ण जन्मोत्सव शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर यादव समाज द्वारा व्यापक स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। महासभा के अनुसार शोभायात्रा में जिलेभर से करीब 15 से 20 हजार यादव बंधुओं के शामिल होने की संभावना है। महासभा अध्यक्ष बोधन राम यादव ने बताया कि समाज द्वारा पिछले करीब 16 वर्षों से भगवान श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष भी आयोजन के माध्यम से सामाजिक एकता, आपसी भाईचारा, समरसता तथा धर्म एवं संस्कृति के प्रति आस्था को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है। इन मार्गों से गुजरेगी शोभायात्रा शोभायात्रा सुबह 10 बजे पोलसायपारा से प्रारंभ होगी। यहां से लुचकी तालाब, चंडी चौक, शिवपारा, गवलीपारा, गांधी चौक, मोती कॉम्पलेक्स, पुराना बस स्टैंड, इंदिरा मार्केट एवं फड़िशा कॉम्पलेक्स होते हुए यादव छात्रावास, पंचशीलपारा, दुर्ग पहुंचेगी। यहां शोभायात्रा का समापन होगा। शोभायात्रा में राऊत नाचा, धुमाल पार्टी, भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकी तथा छत्तीसगढ़ी संस्कृति की विभिन्न विधाओं की प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आयोजन में 18 सर्किलों की सहभागिता रहेगी। ये होंगे प्रमुख अतिथि कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव, महापौर अलका बाघमार, पूर्व विधायक लामचंद वाकना, पूर्व युवा भाजपा अध्यक्ष जीत हेमचंद यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेन्द्र कौशिक, पार्षद राकेश सेन, पार्षद बबीता यादव (गुंडू) सहित विभिन्न वार्डों के पार्षदगण शामिल होंगे। शोभायात्रा की अध्यक्षता बोधन राम यादव करेंगे। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव, पूर्व विधायक धीरज बाकलीवाल, पूर्व खनिज विकास निगम अध्यक्ष गिरीश देवांगन एवं समाजसेवी राजेंद्र साहू के भी शामिल होने की जानकारी दी गई है। मुख्य अतिथि के साथ सर्किट हाउस रायपुर से बाइक रैली भी निकाली जाएगी। महासभा के पदाधिकारियों ने बताया कि आयोजन में जिला प्रशासन एवं नगर निगम का सहयोग रहेगा। महासभा ने जिलेवासियों से बड़ी संख्या में शोभायात्रा में सहभागिता कर सामाजिक एकता, भाईचारे और छत्तीसगढ़ी संस्कृति के संदेश को मजबूत करने की अपील की है।









