
रिपोर्टर—शरद शर्मा
सीहोर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सीहोर के बड़ियाखेड़ी औद्योगिक क्षेत्र में देश की सबसे बड़ी पावर ट्रांसफॉर्मर निर्माण इकाई सीजी पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस लिमिटेड के पहले पावर ट्रांसफॉर्मर के रोलआउट का शुभारंभ किया। 50 एकड़ क्षेत्र में स्थापित इस आधुनिक संयंत्र का निर्माण करीब 888 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। इकाई में प्रतिमाह 35 पावर ट्रांसफॉर्मर के उत्पादन की क्षमता विकसित की गई है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है और मध्यप्रदेश भी औद्योगिक एवं आर्थिक प्रगति की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है। प्रदेश निवेशकों की पसंद बन रहा है और बड़ी औद्योगिक इकाइयां यहां स्थापित हो रही हैं। उन्होंने कहा कि “सीहोर श्योर है, यहां निवेश सिक्योर है और रिटर्न भी एश्योर है।” सीहोर में निवेश के लिए अनुकूल वातावरण, बेहतर कनेक्टिविटी और विकास की व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। नए उद्योगों की स्थापना से स्थानीय स्तर पर युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि “जहां-जहां निवेश, वहां युवाओं के लिए रोजगार के अवसर” उपलब्ध हो रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि औद्योगिक विकास के साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार एवं कौशल विकास के बेहतर अवसर मिलें। उन्होंने कहा कि प्रदेश में उद्योग स्थापना के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है और निवेशकों को हर संभव सहयोग दिया जा रहा है। सीहोर के औद्योगिक विकास में नया अध्याय मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सीजी पावर की इकाई को सीहोर के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि कंपनी द्वारा गत वर्ष अगस्त में भूमि पूजन के बाद करीब 13 माह में ट्रांसफॉर्मर का निर्माण शुरू होना उल्लेखनीय उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि अब डाई से लेकर ट्रांसफॉर्मर तक का निर्माण सीहोर में होने लगा है, जो जिले की बढ़ती औद्योगिक क्षमता को दर्शाता है। उन्होंने सीजी पावर के उद्योग जगत में लंबे योगदान की सराहना करते हुए कहा कि कंपनी ने नौ दशकों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। प्रतिदिन एक ट्रांसफॉर्मर निर्माण की क्षमता से सीहोर सहित पूरे प्रदेश के औद्योगिक विकास और रोजगार को नई गति मिलेगी। 2000 से अधिक लोगों को मिलेगा रोजगार सीजी पावर एंड इंडस्ट्रियल सॉल्यूशंस लिमिटेड का यह संयंत्र 50 एकड़ क्षेत्र में स्थापित है। करीब 888 करोड़ रुपये के निवेश से तैयार इस इकाई में 220 केवी से 1200 केवी श्रेणी तक के उच्च क्षमता वाले पावर ट्रांसफॉर्मर बनाए जाएंगे। संयंत्र की प्रतिमाह 35 पावर ट्रांसफॉर्मर उत्पादन की क्षमता है। इससे 2000 से अधिक लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे।यह इकाई देश की विद्युत संचरण अवसंरचना को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। आधुनिक तकनीक से लैस संयंत्र से उच्च क्षमता वाले ट्रांसफॉर्मरों के निर्माण को गति मिलेगी। सीहोर भोपाल मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सीहोर भोपाल मेट्रोपॉलिटन क्षेत्र का महत्वपूर्ण हिस्सा है। भोपाल के साथ बेहतर कनेक्टिविटी एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास से सीहोर में औद्योगिक, व्यावसायिक और रोजगार के अवसरों का विस्तार होगा। आने वाले समय में सीहोर आर्थिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित होगा। मुख्यमंत्री ने संयंत्र का किया अवलोकन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सीजी पावर की ट्रांसफॉर्मर निर्माण इकाई का अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण प्रक्रिया, आधुनिक तकनीक और उत्पादन क्षमता की जानकारी ली। कंपनी अधिकारियों से उद्योग के संचालन एवं भविष्य के विस्तार को लेकर चर्चा करते हुए उन्होंने प्रदेश में बड़े औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया। कार्यक्रम के आरंभ में कंपनी के चेयरमैन श्री वेलियान सुबैया तथा सीईओ एवं एमडी श्री अमर कौल ने सीजी पावर की गतिविधियों एवं संयंत्र की विशेषताओं की जानकारी दी। ये रहे उपस्थित इस अवसर पर राजस्व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा, विधायक श्री रमाकांत भार्गव, विधायक श्री सुदेश राय, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री नरेश मेवाड़ा, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वित्त निगम के अध्यक्ष श्री रवि मालवीय, नगर पालिका अध्यक्ष श्री प्रिंस राठौर, भोपाल कमिश्नर श्री कर्मवीर शर्मा, एमपीआईडी के एमडी डॉ. चंद्र मौली एस., कलेक्टर श्री बालागुरू के., एसपी श्री सोनाक्षी सक्सेना सहित उद्योग जगत के प्रतिनिधि एवं अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।









