
रिपोर्टर – भगवानदास शाह,
बुरहानपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर बुरहानपुर रोटी बैंक द्वारा स्थानीय प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय के प्रभु चिंतन भवन में आइडियल प्रिंसिपल अवार्ड सेरेमनी का आयोजन किया गया। क्षेत्रीय संचालिका आदरणीय बीके मंगला दीदी की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में 200 से अधिक स्कूल प्राचार्यों एवं शिक्षकों को स्मृति चिन्ह और सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि के रूप में बुरहानपुर जिला शिक्षा अधिकारी रोहिणी पवार, अंतर्राष्ट्रीय क्षत्रिय वीरांगना महासभा इंदौर संभाग की वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं बुरहानपुर जिला अध्यक्ष श्रीमती अंजलि विक्रमसिंह चौहान, जॉइंट्स सहेली ग्रुप बुरहानपुर की जिला अध्यक्ष श्रीमती मंगला दुबे, पीआरबी स्कूल की प्रिंसिपल श्रीमती अर्चना गोविंदजीवाला एवं टॉडलर्स किंडर गार्टन स्कूल की प्रिंसिपल श्रीमती अनामिका बरोले मंचासीन रहीं। इस अवसर पर रोटी बैंक के संचालक, प्रबंधक, मैनेजर एवं प्रोप्रायटर संजयसिंह शिन्दे ने उपस्थित स्कूल संचालकों, प्राचार्यों एवं शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने रोटी बैंक की सामाजिक सेवा गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि पिछले छह वर्षों से शहर के हजारों दानदाताओं के सहयोग से जरूरतमंद बुजुर्गों तक भोजन पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। इस अभियान के तहत अब तक 6 लाख से अधिक टिफिन बुजुर्गों तक पहुंचाए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि भोजन सेवा को निरंतर संचालित करने के लिए आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था में कुछ समय के लिए परिवर्तन करना पड़ा था। अब रोटी बैंक द्वारा निःशुल्क भोजन सेवा को पुनः प्रारंभ करने का निर्णय लिया गया है। शिन्दे ने बताया कि पूर्व में स्थानीय पार्षद की लिखित अनुशंसा के आधार पर उनके वार्ड के जरूरतमंद बुजुर्गों तक प्रतिदिन ताजा भोजन पहुंचाया जाता था। अब इस सेवा को और व्यवस्थित एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से स्कूल प्राचार्यों की अनुशंसा को आधार बनाया जाएगा। स्कूल प्राचार्य द्वारा जरूरतमंद बुजुर्ग के संबंध में लिखित अनुशंसा मिलने के बाद उनके घर तक भोजन का टिफिन पहुंचाया जाएगा। इस पहल पर उपस्थित स्कूल प्राचार्यों ने सहमति व्यक्त करते हुए इसी आशय के घोषणा पत्र पर हस्ताक्षर कर अपनी सहभागिता प्रदान की। रोटी बैंक द्वारा शीघ्र ही निःशुल्क भोजन सेवा पुनः प्रारंभ की जाएगी। कार्यक्रम के अंत में संजयसिंह शिन्दे ने सभी स्कूल संचालकों, प्राचार्यों, शिक्षकों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का सफल संचालन बीके स्वाति दीदी एवं दिलीपकुमार मोरे सर ने किया।









