
रिपोर्टर – प्रेम कुंडले
बड़वाह। भारतीय किसान संघ (मालवा प्रांत) इकाई बड़वाह द्वारा किसानों से जुड़ी 15 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री एवं जिला कलेक्टर के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा गया। इससे पहले कृषि उपज मंडी परिसर में किसान संघ द्वारा आमसभा आयोजित की गई।आमसभा के बाद बड़ी संख्या में किसान रैली के रूप में कृषि उपज मंडी से जय स्तंभ चौराहा, मुख्य चौराहा होते हुए बड़वाह थाने पहुंचे। रैली में किसान “जय जवान, जय किसान” और “हमारी मांगें पूरी करो” जैसे नारे लगाते हुए शामिल हुए। थाना परिसर पहुंचने के बाद किसान संघ के पदाधिकारियों ने थाना प्रभारी की उपस्थिति में प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री एवं जिला कलेक्टर के नाम तहसीलदार को 15 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा। किसान संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि ज्ञापन के माध्यम से किसानों से जुड़े विभिन्न विषयों को शासन-प्रशासन के समक्ष रखा गया है। उन्होंने मांगों पर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की। रैली एवं आमसभा में बड़ी संख्या में किसान और किसान संघ के पदाधिकारी उपस्थित रहे।









