
रिपोर्टर – रमाशंकर ओमरे
अमानगंज। 19 सितंबर को इंदौर में प्रस्तावित कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर नगर कांग्रेस कमेटी अमानगंज द्वारा छात्र रजिस्ट्रेशन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक विद्यार्थियों को कार्यक्रम से जोड़कर शिक्षा, रोजगार और विद्यार्थियों से जुड़े विषयों पर उनकी बात सामने रखने का प्रयास किया जा रहा है। नगर कांग्रेस कमेटी अमानगंज अध्यक्ष वसीम खान के नेतृत्व में विश्वकर्मा सीटीपीसी, कंप्यूटर कॉलेज सहित नगर के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं का रजिस्ट्रेशन कराया जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ता विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें कार्यक्रम में सहभागिता के लिए आमंत्रित कर रहे हैं। इस अवसर पर वसीम खान ने कहा कि प्रदेश के विद्यार्थी शिक्षा और रोजगार से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपनी बात रखना चाहते हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं, रोजगार के अवसरों और परीक्षा व्यवस्था से संबंधित विद्यार्थियों के विषयों को कार्यक्रम के माध्यम से सामने रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी छात्रों से संवाद कर उनकी बात सुनेंगे और उनके मुद्दों को मंच प्रदान करेंगे। उन्होंने बताया कि अमानगंज क्षेत्र के अधिक से अधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता कॉलेजों और नगर के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार रजिस्ट्रेशन अभियान चला रहे हैं। अभियान में नगर कांग्रेस संगठन प्रभारी महामंत्री पीयूष देव सिंह, वरिष्ठ कांग्रेसी राम भगत सोनी, अरुण सक्सेना, वीरेंद्र खटीक, अताउल मुस्तफा, सोनू खान, अनिल विश्वकर्मा सहित कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।








