
रिपोर्टर – दीपक धाकड़
गंजबासौदा। सतना में 26 से 29 सितंबर तक आयोजित राज्य स्तरीय शालेय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में बासौदा ताइक्वांडो क्लब के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नगर का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश के विभिन्न संभागों से खिलाड़ियों ने सहभागिता की। प्रतियोगिता में बासौदा के मोहित रघुवंशी ने शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। इस उपलब्धि के साथ मोहित ने जम्मू-कश्मीर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तरीय शालेय ताइक्वांडो प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया है। उनकी इस सफलता से बासौदा ताइक्वांडो क्लब, अभिभावकों और खेलप्रेमियों में उत्साह है। वहीं शौर्या जैन ने भी प्रभावी खेल प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक प्राप्त किया। दोनों खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास, तकनीकी कौशल और खेल भावना का परिचय दिया। मेहनत, अनुशासन और अभ्यास का परिणाम खिलाड़ियों की उपलब्धि पर बासौदा ताइक्वांडो क्लब के कोच आकाश अग्रवाल एवं हेमंत कुमार विश्वकर्मा ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की नियमित मेहनत, अनुशासन, निरंतर अभ्यास और खेल के प्रति समर्पण से यह उपलब्धि प्राप्त हुई है। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रतियोगिता के दौरान भोपाल संभाग टीम के जनरल मैनेजर एवं खेल शिक्षक सर्वेश व्यास तथा टीम मैनेजर खुशबू सेन भी टीम के साथ मौजूद रहे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उपलब्धि पर मिली बधाइयां मोहित रघुवंशी के स्वर्ण पदक और शौर्या जैन के कांस्य पदक हासिल करने पर बासौदा ताइक्वांडो क्लब के खिलाड़ियों, अभिभावकों और खेलप्रेमियों ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई दी। मोहित के राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयन से नगर के खेलप्रेमियों में विशेष उत्साह है। सभी ने राष्ट्रीय स्तर पर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं।









