
रिपोर्टर – संतोष कुमार धनगर
खातेगांव। वन मंडल (क्षेत्रीय) देवास के अंतर्गत खिवनी वन्यप्राणी अभ्यारण्य में 1 से 7 अक्टूबर तक वन्यप्राणी संरक्षण सप्ताह उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है। इसी क्रम में लिटिल फ्लावर पब्लिक स्कूल, पटरानी में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। वन विभाग की टीम ने विद्यालय पहुंचकर विद्यार्थियों को वन्यप्राणियों एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान वन विभाग की टीम ने “वन्यप्राणी राष्ट्र की धरोहर हैं, इनकी रक्षा करें। वृक्ष लगाओ, जीवन पाओ, वृक्ष लगाओ पुण्य कमाओ” जैसे संदेशों के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रकृति और वन्यजीवों के संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
अधिकारियों ने विद्यार्थियों को बताया कि करीब 132 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला खिवनी वन्यप्राणी अभ्यारण्य बाघ, तेंदुआ, चीतल, सांभर सहित अनेक वन्यप्राणियों का प्राकृतिक आवास है। वन और वन्यजीव पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनके संरक्षण से प्रकृति और जैव विविधता को सुरक्षित रखने में सहायता मिलती है।
विद्यार्थियों ने लिया संरक्षण का संकल्प
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को वन्यप्राणियों की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई गई। बच्चों ने संकल्प लिया कि वे वन्यप्राणियों के प्रति संवेदनशील रहेंगे, उनकी सुरक्षा के लिए जागरूकता फैलाएंगे तथा अपने घर और आसपास अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए लोगों को प्रेरित करेंगे।
विद्यालय के प्राचार्य संतोष कुमार धनगर ने वन विभाग के इस जागरूकता प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से बच्चों में बचपन से ही प्रकृति, पर्यावरण और वन्यजीवों के प्रति प्रेम एवं जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है। इस अवसर पर वन विभाग से मुकेश कुमार (वन क्षेत्रपाल), जयराम मालवीय (वनपाल), बजरंग सिंह चौहान (वनरक्षक), दीनदयाल राठौर (वनरक्षक) सहित सुरक्षा श्रमिक, विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।









