
रिपोर्ट – राहुल श्रीवास
पांचों विधानसभाओं में जन अभियान परिषद से जुड़ी इकाइयों ने लिया उत्साहपूर्वक भाग, सेवा और जनजागरण का दिया संदेश
भिण्ड। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन में सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भिण्ड जिले में सेवा ज्योति कलश यात्रा का आयोजन किया गया। जिले की पांचों विधानसभा क्षेत्रों गोहद, मेहगांव, भिण्ड, अटेर और लहार में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद से जुड़ी विभिन्न इकाइयों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
यात्रा के दौरान जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक समरसता, सेवा, संस्कार और जनजागरण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया। सेवा ज्योति कलश यात्रा के माध्यम से सामाजिक सद्भाव तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधियों, प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारियों, मेंटर्स एवं परामर्शदाताओं तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई। विभिन्न स्थानों पर यात्रा का स्वागत किया गया और जनजागरण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक डॉ. शिवप्रताप सिंह भदौरिया की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में जिला एवं विकासखंड स्तर के जन अभियान परिषद प्रतिनिधि, नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि, प्रस्फुटन समितियों के सदस्य तथा बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।
जिला समन्वयक डॉ. शिवप्रताप सिंह भदौरिया ने बताया कि सेवा ज्योति कलश यात्रा का उद्देश्य समाज में सेवा भाव को मजबूत करना तथा जनभागीदारी के माध्यम से विकास एवं जनजागरूकता के संकल्प को गति प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता से सेवा और सामाजिक सरोकारों को नई ऊर्जा मिलती है।
इसी क्रम में गौरी स्थित एक प्रमुख चौराहे पर मशाल स्थापित की गई है। इस स्थल को ‘सेवा संकल्प चौराहा’ के नाम से जाना जाएगा। यह स्थान सेवा, जनभागीदारी और सामाजिक जागरूकता के संकल्प का प्रतीक बनेगा।









