
रिपोर्टर – अनूप तिवारी
खरगोन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा बुधवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा ज्योति यात्रा का शुभारंभ किया गया। उत्कृष्ट स्कूल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का एलईडी स्क्रीन के माध्यम से सीधा प्रसारण किया गया।
कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री सुमेर सिंह सोलंकी, जिलाध्यक्ष नंदा ब्राह्मणे, विधायक बालकृष्ण पाटीदार, राजकुमार मेव, सचिन बिरला, जिला संयोजक विवेक भटोरे, जिला पंचायत अध्यक्ष अनुबाई तंवर, नपा अध्यक्ष छाया जोशी, पूर्व विधायक बाबूलाल महाजन, कलेक्टर गुरु प्रसाद, एसपी रविंद्र वर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, हितग्राही एवं आमजन उपस्थित रहे।
2047 तक विकसित भारत का संकल्प
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों को जनता के आशीर्वाद और विश्वास का परिणाम बताते हुए देशवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने 140 करोड़ देशवासियों की सामूहिक शक्ति पर विश्वास जताते हुए वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को दोहराया।
विधानसभावार रवाना हुए सेवा ज्योति वाहन
जिला मीडिया प्रभारी कांतिलाल कर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद विधानसभावार सेवा ज्योति वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। प्रदेश महामंत्री सुमेर सिंह सोलंकी ने कहा कि प्रधानमंत्री की जनसेवा से राष्ट्रसेवा तक की यात्रा सेवा, समर्पण और सुशासन का प्रेरणादायी अध्याय है।
जिलाध्यक्ष नंदा ब्राह्मणे और विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 से शुरू हुई यह यात्रा गांव से ग्लोबल स्तर तक विकास और प्रत्येक नागरिक के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन के संकल्प का प्रतीक है।
कार्यक्रम में संजय पाटीदार, शंभू सिंह मनहर, शालिनी रतोरिया, हरे सिंह चावड़ा, विजय पटेल, भीम सिंह जाधव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









