
रिपोर्टर – शिवकुमार कंडरा
धमतरी, 11 अक्टूबर 2026। जिले में गौवंश संरक्षण एवं पशुओं की सुरक्षा के लिए धमतरी पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना बोराई पुलिस ने 14 मवेशियों को मुक्त कराकर सुरक्षित गौशाला पहुंचाया। मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। जब्त मवेशियों की अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई प्राप्त जानकारी के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम मोतिमडीह-लिखमा मुख्य मार्ग के पास से मवेशियों को ओडिशा की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर थाना बोराई पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्ति को मवेशियों सहित पकड़ा।
पूछताछ में आरोपी अमरचंद नेताम (45 वर्ष), निवासी आमगांव, थाना बोराई, जिला धमतरी ने मवेशियों को नवरंगपुर, ओडिशा स्थित कत्लखाने ले जाने की बात स्वीकार की। पुलिस द्वारा मवेशियों के परिवहन एवं खरीदी-बिक्री से संबंधित दस्तावेज मांगे जाने पर वह वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
14 मवेशियों का स्वास्थ्य परीक्षण कराकर गौशाला भेजा पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 11 गाय, 2 बैल और 1 बछिया सहित कुल 14 मवेशियों को मुक्त कराया। इनकी अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये आंकी गई है।
सभी मवेशियों का पशु चिकित्सा अधिकारी से स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। इसके बाद उनके सुरक्षित रख-रखाव एवं देखभाल के लिए पंडरीपानी स्थित गौशाला को सुपुर्द कर दिया गया।
विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज इस मामले में थाना बोराई में अपराध क्रमांक 18/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धारा 4, 6 एवं 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11(1) के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपी अमरचंद नेताम, पिता भोलाराम नेताम, उम्र 45 वर्ष, निवासी आमगांव (आमानारा), थाना बोराई, जिला धमतरी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की गई।
पशु संरक्षण के लिए धमतरी पुलिस की अपील धमतरी पुलिस ने नागरिकों से गौवंश की अवैध तस्करी एवं पशुओं के प्रति क्रूरता से संबंधित गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि पशुओं के संरक्षण और कानून के पालन के लिए नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।








