
रिपोर्टर – देवेंद्र गुप्ता
डोंगरगांव – नगर के शासकीय उपाधि महाविद्यालय में आगामी 28 अक्टूबर बुधवार को समाजवादी आंदोलन के प्रमुख स्तंभ, पृथक छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण आंदोलन के अग्रणी नेता एवं पूर्व विधायक स्वर्गीय विद्याभूषण ठाकुर की 25वीं पुण्यतिथि के अवसर पर स्मृति विद्याभूषण एक चर्चा पर व्याख्यान माला का आयोजन किया जा रहा है. कार्यक्रम को लेकर उनके सुपुत्र डॉ.प्रियांक ठाकुर के व्दारा डोंगरगांव प्रेस क्लब में पत्रकारवार्ता लेकर आयोजन के विषय में जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम दोपहर 2 बजे डॉ. भीमराव अंबेडकर शासकीय महाविद्यालय, डोंगरगांव के सभागार में आयोजित होगा. इस गरिमामयी कार्यक्रम में देश के प्रमुख रूप से समाजवादी विचार व पूर्व मंत्री रमाशंकर सिंह ग्वालियर, डॉ.राममनोहर लोहिया के विचारों के संवाहक एवं गांधीवादी चिंतक कैलाश रावत लेखक निवाड़ी मध्यप्रदेश, वरिष्ठ अधिवक्ता व रंगकर्मी विभूति झा मंडला, वरिष्ठ पत्रकार ब्रजेश शुक्ला लखनऊ, पूर्व विधायक प्रदीप चौबे समाजवादी चिंतक दुर्ग सहित अन्य विचारकों को वक्ता के रूप में आमंत्रित किया गया है. वहीं कार्यक्रम में प्रदेश सहित डोंगरगांव क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों व वरिष्ठजनों को आमंत्रित किया गया है. उन्होंने बताया कि महाविद्यालय के राजनीति, समाजशास्त्र और इतिहास के विद्यार्थियों को इस कार्यक्रम में आमंत्रित किया गया है. इस दौरान कार्यक्रम में वक्ताओं के विचार और स्व.विद्याभूषण ठाकुर की स्मृतियों को साझा किया जायेगा और उनसे जुड़े यादगार पलों को चित्र और विडियो के माध्यम से प्रदर्शित किया जायेगा. श्री ठाकुर ने इस गरिमामय अवसर पर आयोजन का लाभ लेने कहा है.
बता दें कि इस व्याख्यान माला के माध्यम से स्वर्गीय विद्याभूषण ठाकुर के जनहितकारी संघर्ष, समाजवादी दर्शन, जनसेवा के प्रति समर्पण तथा पृथक छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण आंदोलन में उनके अमूल्य योगदान को याद किया जाएगा। साथ ही उनके विचारों की प्रासंगिकता और समाजवादी-गांधीवादी मूल्यों के माध्यम से सामाजिक बदलाव की संभावनाओं पर भी चर्चा होगी. यह आयोजन नई पीढ़ी को स्वर्गीय विद्याभूषण ठाकुर के संघर्षपूर्ण जीवन, विचारधारा और जनहित के प्रति उनकी प्रतिबद्धता से परिचित कराने का महत्वपूर्ण अवसर होगा. व्याख्यान माला के जरिए समाज में लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक न्याय और जनकल्याण की भावना को मजबूत करने पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा.









