
रिपोर्ट – संजय सेन।
कुँवरगढ़ नगर में आयोजित ‘कुँवरगढ़ महोत्सव’ के दूसरे दिन बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति देखने को मिली। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध कलाकारों विवेक शर्मा, गरिमा दिवाकर, पप्पू चंद्राकर और चम्पा निषाद ने अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। उनके गीतों और नृत्य प्रस्तुतियों पर दर्शक देर तक उत्साहित नजर आए।
कार्यक्रम में नारायणपुर के अबूझमाड़ मलखंब दल और अंतरराष्ट्रीय पोल आर्टिस्ट ने भी आकर्षक प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित किया। विभिन्न प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन को जीवंत और रंगारंग बना दिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा एवं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब उपस्थित रहे। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम क्षेत्र की संस्कृति, परंपरा और विरासत को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहित करते हुए उनके योगदान की सराहना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि यह महोत्सव कुँवरगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊँचाइयों तक ले जाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन क्षेत्र के विकास और पर्यटन को भी बढ़ावा देते हैं।
महोत्सव में अभनपुर विधायक इंद्रकुमार साहू, जिला पंचायत उपाध्यक्ष संदीप यदु, नगर पंचायत कुंरा अध्यक्ष गोविंद साहू, उपाध्यक्ष राजा खान सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे। जिला पंचायत सीईओ विश्वरंजन, एसडीएम नंद कुमार चौबे, तहसीलदार बाबूलाल कुर्रे, जनपद सीईओ आशीष केशरवानी और नगर पंचायत कुंरा सीएमओ दीपक शर्मा ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
यह आयोजन क्षेत्र में सांस्कृतिक उत्साह और जनसहभागिता का एक प्रमुख उदाहरण बनकर सामने आया।









