
रिपोर्टर — संजय मस्कर
मुंबई। मालाड वेस्ट के मालवणी क्षेत्र स्थित चीकूवाड़ी की एकता वेलफेयर सोसायटी में दही हांडी आयोजन के दौरान एक हादसा हो गया। घटना में 7 वर्षीय रुद्र कदम गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए उसे मालवणी जनरल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब 3 बजे सोसायटी परिसर में बच्चों द्वारा दही हांडी का आयोजन किया जा रहा था। हांडी को एक ओर पेड़ और दूसरी ओर ग्राउंड फ्लोर के पिलर/संरचना से रस्सी के माध्यम से बांधा गया था। हांडी फोड़ने के दौरान रस्सी में खिंचाव बढ़ने से ईंटों से बना पिलर गिर गया। बताया जा रहा है कि रुद्र कदम इसी पिलर के पास मौजूद था और गिरते हुए मलबे की चपेट में आने से उसके सिर में गंभीर चोट लगी। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और बीएमसी कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही बीएमसी वार्ड स्टाफ और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से घायल रुद्र को तत्काल मालवणी जनरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक जानकारी जुटाई। हादसे के कारणों और आयोजन की परिस्थितियों को लेकर संबंधित स्तर पर जांच की जा रही है। घटना से सोसायटी और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।









