
रिपोर्टर : सूर्यकांत तळखंडे
कामठी (नागपुर)। नवीन कामठी पुलिस थाना क्षेत्र के गादा गांव में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 110 गोवंशीय बैलों को सुरक्षित बरामद किया है। बरामद पशुधन का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 19 लाख 15 हजार रुपये बताया गया है। मामले में खेत मालिक मुश्ताक कुरैशी के विरुद्ध संबंधित पशु संरक्षण एवं पशु कल्याण कानूनों के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस को गादा गांव से नेरी जाने वाले मार्ग पर स्थित खसरा क्रमांक 18 में बड़ी संख्या में गोवंशीय पशुओं के रखे होने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर नवीन कामठी पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की। यहां 110 गोवंशीय बैल पाए गए, जिन्हें पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने घटनास्थल का पंचनामा तैयार कर सभी पशुओं को सुरक्षित किया। बरामद 110 बैलों का अनुमानित मूल्य 19,15,000 रुपये आंका गया है। प्रकरण में महाराष्ट्र पशु संरक्षण (संशोधन) अधिनियम 1995 की धारा 5(ब), 9 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। बड़ी संख्या में पशु बरामद होने के कारण फिलहाल सभी 110 गोवंशीय बैलों को पुलिस एवं प्रशासन की निगरानी में सुरक्षित रखा गया है। मामले की आगे की जांच नवीन कामठी पुलिस द्वारा की जा रही है।









