
रिपोर्ट – राहुल अग्रवाल
सारंगी। भारतीय जनता पार्टी मंडल सारंगी की मासिक बैठक एवं सेवा संकल्प अभियान का आयोजन स्थानीय मंडी प्रांगण में किया गया। बैठक में मंडल पदाधिकारियों, बूथ अध्यक्षों, शक्ति केंद्र संयोजकों एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष श्री पप्पूलाल गामड़ ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मंडल अध्यक्ष श्री गामड़ ने स्वागत भाषण देकर उपस्थित कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया। बैठक में मुख्यमंत्री के राजनीतिक प्रस्ताव का वाचन युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष द्वारा किया गया। इसके पश्चात युवा मोर्चा जिला मंत्री ने प्रस्ताव का समर्थन किया। मंचासीन अतिथियों ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और जनसंपर्क गतिविधियों को बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ताओं से सक्रिय सहभागिता की अपील की। इस अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले सेवा पखवाड़े की रूपरेखा की जानकारी दी गई। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस 17 सितंबर से सेवा एवं जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाने की जानकारी कार्यकर्ताओं को दी गई। बैठक में मंडल पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने संगठनात्मक गतिविधियों एवं सेवा कार्यों में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।









