
रिपोर्ट सुनील माली
सरवानिया महाराज, 07 सितंबर (निप्र)। नगर सरवानिया महाराज में श्री बाबा रामदेव मंदिर के पास मेले को लेकर करीब एक माह पूर्व नगर परिषद द्वारा सीसी रोड का निर्माण कराया गया था। निर्माण के कुछ समय बाद ही सड़क की स्थिति को लेकर स्थानीय स्तर पर गुणवत्ता संबंधी सवाल सामने आने लगे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार सीसी रोड के कुछ हिस्सों में बदलाव दिखाई दे रहा है, जिसके चलते निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराए जाने की मांग उठ रही है। नगर में पूर्व में कराए गए अन्य निर्माण कार्यों को लेकर भी नागरिकों द्वारा संबंधित अधिकारियों से समय-समय पर निरीक्षण एवं गुणवत्ता परीक्षण की अपेक्षा की जा रही है। नगर परिषद के निर्माण कार्यों में तकनीकी मानकों के पालन और कार्य की गुणवत्ता की नियमित जांच को लेकर भी नागरिकों ने ध्यान आकर्षित किया है। लोगों का कहना है कि निर्माण कार्यों की समय-समय पर तकनीकी जांच होने से कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जा सकती है। सीसी रोड के संबंध में नगर परिषद उपाध्यक्ष रामलाल राठौर से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया कि उक्त सीसी रोड निर्माण की उन्हें जानकारी नहीं है। ऐसे में निर्माण कार्य से संबंधित जानकारी, स्वीकृति प्रक्रिया और गुणवत्ता परीक्षण के संबंध में नगर परिषद के संबंधित अधिकारियों से स्थिति स्पष्ट किए जाने की आवश्यकता है। स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि सीसी रोड सहित नगर में कराए जा रहे निर्माण कार्यों का संबंधित विभाग द्वारा निरीक्षण कर गुणवत्ता की जांच की जाए, ताकि निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित हो सके।









