
रिपोर्टर – सुरेश कुमार गौड़
वृंदावन। बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे वृंदावन के यमुना घाट पर नाविकों और कुछ लोगों के बीच विवाद की सूचना सामने आई। घटना में 10 से अधिक नाविकों के घायल होने की जानकारी है। इनमें दो नाविकों की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यमुना घाट पर नाविक यात्रियों को नाव से भ्रमण करा रहे थे। इसी दौरान किराये के भुगतान को लेकर कुछ लोगों और नाविकों के बीच बातचीत के बाद विवाद की स्थिति बनी। आरोप है कि इसके बाद मौके पर अन्य लोग भी पहुंच गए और नाविकों के साथ मारपीट की गई। घटना में कई नाविकों को चोटें आई हैं। घायल नाविकों को उपचार के लिए सरकारी एंबुलेंस से आगरा रेफर किए जाने की जानकारी है। नाविकों की ओर से आरोप लगाया गया है कि उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में भी उनके साथ मारपीट की गई। इस दौरान एंबुलेंस चालक के साथ भी अभद्रता किए जाने की बात सामने आई है। घटना के बाद घायल नाविकों का उपचार कराया गया। दो नाविकों की स्थिति गंभीर होने के कारण उन्हें आगे के उपचार के लिए रेफर किया गया है। नाविकों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर घटना में शामिल लोगों के संबंध में आवश्यक कार्रवाई तथा नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस एवं प्रशासन द्वारा मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।








