
रिपोर्ट – मनीष खण्डेलवाल
वारासिवनी। वारासिवनी-लालबर्रा मार्ग पर ग्राम नेवरगांव पंचायत के सामने मंगलवार को पिकअप और बाइक की भिड़ंत में बाइक सवार किशोर सोनवाने की मृत्यु हो गई। घटना के बाद पिकअप वाहन मौके पर ही रह गया। पुलिस ने चालक की तलाश कर उसे थाने लाकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की है। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार, ग्राम पाथरी निवासी जगतलाल राऊत को उनके भतीजे रामेश्वर राऊत के माध्यम से घटना की जानकारी मिली। सूचना मिलने पर जगतलाल राऊत अपने काका भाई विजय राऊत के साथ नेवरगांव पहुंचे। वहां किशोर सोनवाने सड़क किनारे मिला। हर्षित पारधी के कथन के अनुसार, किशोर सोनवाने मोटरसाइकिल से वारासिवनी की ओर से पाथरी जा रहे थे। इसी दौरान लालबर्रा की ओर से वारासिवनी की तरफ आ रही सफेद रंग की पिकअप क्रमांक MH 35 AJ 5832 से मोटरसाइकिल की भिड़ंत हो गई। हादसे में किशोर को गंभीर चोटें आईं और घटनास्थल पर ही उनकी मृत्यु हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को सिविल अस्पताल वारासिवनी पहुंचाया। घटना के बाद पिकअप वाहन मौके पर रह गया था। पुलिस ने वाहन चालक की तलाश कर उसे थाने लाया।पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है।









