
रिपोर्टर – अनूप तिवारी
खरगोन। अवैध मादक पदार्थों की खेती के विरुद्ध चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत खरगोन पुलिस ने चैनपुर थाना क्षेत्र की हेलापड़ावा चौकी अंतर्गत ग्राम जामली एवं ग्राम गुवाड़ा ठाटा फलिया में कार्रवाई करते हुए गांजे के कुल 15,191 पौधे जब्त किए। जब्त पौधों का कुल वजन करीब 5,974 किलोग्राम और अनुमानित मूल्य करीब ₹2.98 करोड़ बताया गया है। ड्रोन की सहायता से खेतों की सर्चिंग पुलिस को ग्राम जामली के दंगलिया, मधू एवं सुखलाल तथा ग्राम गुवाड़ा ठाटा फलिया के जागीर के खेतों में गांजे की खेती की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर एसडीओपी भीकनगांव केतन अडलक एवं डीएसपी कैलाश चौहान के नेतृत्व में चैनपुर, भीकनगांव, बिस्टान, गोगावां एवं पुलिस लाइन की संयुक्त टीम गठित की गई। क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क की सुविधा उपलब्ध नहीं होने के कारण पुलिस टीम ने नदी, पहाड़ी एवं दुर्गम रास्तों से होकर खेतों तक पहुंच बनाई। खेतों की पहचान के लिए ड्रोन की सहायता से सर्चिंग की गई, जिसके बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पौधों को जब्त किया।ग्राम जामली से 9,391 पौधे जब्त ग्राम जामली में दंगलिया पिता भुवान, मधू पिता दंगलिया एवं सुखलाल पिता केरिया के खेतों से 9,391 पौधे जब्त किए गए। इनका वजन करीब 3,765 किलोग्राम तथा अनुमानित मूल्य करीब ₹1.88 करोड़ बताया गया है। गुवाड़ा ठाटा फलिया से 5,800 पौधे जब्त दूसरी कार्रवाई ग्राम गुवाड़ा ठाटा फलिया में की गई। यहां जागीर पिता बुटसिंह के खेत से 5,800 पौधे जब्त किए गए। इनका वजन करीब 2,209 किलोग्राम तथा अनुमानित कीमत करीब ₹1.10 करोड़ बताई गई है। दोनों स्थानों से कुल 15,191 पौधे, करीब 5,974 किलोग्राम वजन के जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब ₹2.98 करोड़ बताई गई है। 50 से अधिक पुलिसकर्मियों की सहभागिता कार्रवाई में थाना प्रभारी चैनपुर गणपत कनेल, उपनिरीक्षक अमित पवार, रमेश चंद्र गहलोद, मुकेश कुमरावत, हेलापड़ावा चौकी प्रभारी नंदकिशोर राय, थाना प्रभारी भीकनगांव बलराम सिंह राठौर, राजेंद्र अवस्या, मोहर सिंह बघेल, थाना प्रभारी बिस्टान गुलाब सिंह रावत, थाना प्रभारी गोगावां दीपक यादव, भोजराज परमार, पुलिस लाइन से निरीक्षक प्रमोद कश्यप, गहलोद सेमलिया सहित 50 से अधिक पुलिसकर्मियों की सहभागिता रही।









