
रिपोर्टर – सोनू नामदेव,
बैरसिया। गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को बैरसिया नगर में विशेष स्वच्छता अभियान का शुभारंभ रेंज चौराहे से किया गया। नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के उद्देश्य से आयोजित अभियान में जनप्रतिनिधियों, नगर पालिका की टीम, सामाजिक संगठनों और बड़ी संख्या में नगरवासियों ने सहभागिता की। अभियान के शुभारंभ अवसर पर पूर्व सांसद सुरेंद्र सिंह ठाकुर, क्षेत्रीय विधायक विष्णु खत्री, पूर्व विधायक जौधाराम गुर्जर, पूर्व विधायक भक्तपाल सिंह राठौड़, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती तनुश्री कुलदीप सिंह राठौड़ सहित भाजपा-कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता, समाजसेवी, गणमान्य नागरिक, एल्डरमैन, मुख्य नगर पालिका अधिकारी तथा नगर पालिका की टीम उपस्थित रही। जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने हाथों में झाड़ू लेकर रेंज चौराहे से स्वच्छता अभियान की शुरुआत की। इसके बाद सड़क किनारे की सफाई करते हुए टीम दशहरा मैदान पहुंची, जहां स्वच्छता कार्य किया गया। मेन रोड से होते हुए कृषि उपज मंडी समिति परिसर में भी सफाई अभियान चलाया गया। दीपावली तक चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान दीपावली तक जारी रहेगा। अभियान के तहत बैरसिया के सभी वार्डों में स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। नगर पालिका की टीम के साथ जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन और नागरिक भी इसमें सहभागिता करेंगे। स्वच्छता में सभी की सहभागिता जरूरी : सुरेंद्र सिंह ठाकुर पूर्व सांसद सुरेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि स्वच्छता सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। महात्मा गांधी जी ने स्वच्छता को जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया था। उनके विचारों को आगे बढ़ाते हुए बैरसिया को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए सभी को मिलकर सहभागिता करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता अभियान को निरंतर जनसहभागिता से आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। हर वार्ड में पहुंचेगा स्वच्छता अभियान : विष्णु खत्री क्षेत्रीय विधायक विष्णु खत्री ने कहा कि बैरसिया के प्रत्येक वार्ड में स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। नागरिकों की सहभागिता से स्वच्छता को निरंतर बनाए रखने में मदद मिलेगी। उन्होंने नगरवासियों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और कचरे को निर्धारित स्थान पर डालने की अपील की। दीपावली तक विशेष सफाई व्यवस्था पर रहेगा जोर : नगर पालिका अध्यक्ष नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती तनुश्री कुलदीप सिंह राठौड़ ने कहा कि नगर पालिका की टीम द्वारा दीपावली तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। सभी वार्डों में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने नगरवासियों से अभियान में सहयोग करते हुए बैरसिया को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सहभागी बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम में भाजपा-कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के साथ पत्रकारगण, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।









