
रिपोर्टर – मनोज तायवडे
चिरापाटला। संकल्प अभियान के अंतर्गत “सेवा मेरा योगदान” कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत चिरापाटला एवं जनअभियान परिषद चिचोली के सहयोग से नवांकुर संस्था गौतम सेवा समिति चिरापाटला द्वारा जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बोरी बंधान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान ढकनी नाला में बोरी बंधान तथा उटघाट नाला में कड़ी शटर की व्यवस्था की गई। इस पहल का उद्देश्य वर्षा जल का संरक्षण कर क्षेत्र में जल उपलब्धता बढ़ाने तथा भूजल स्तर के संरक्षण में योगदान देना है। बोरी बंधान कार्यक्रम में ग्राम पंचायत चिरापाटला के सरपंच रामपाल भलावी, नवांकुर संस्था गौतम सेवा समिति के अध्यक्ष गुरुचरण यादव, प्रस्फुटन समिति झिरनाढाना के अध्यक्ष चम्पालाल सेलुकर, दिनेश इरपाचे, मेंटर राजकुमार बंशकार सहित MSW एवं BSW के छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने श्रमदान करते हुए बोरी बंधान कार्य में सहयोग किया। इस दौरान जल एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर जानकारी देते हुए ग्रामीणों और युवाओं को वर्षा जल सहेजने तथा अधिक से अधिक जल संरक्षण संरचनाओं के निर्माण के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से “जल है तो कल है” का संदेश देते हुए जल संरक्षण को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया। आयोजकों ने ग्रामीणों एवं युवाओं से जल संरक्षण की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।









