
रिपोर्टर – धर्मेंद्र कुमार
सहरसा। जिले में प्रमंडल स्तरीय विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ सोमवार को पुलिस लाइन मैदान, पटेल मैदान, जिला स्कूल मैदान एवं इंडोर स्टेडियम/खेल भवन स्थित व्यायामशाला में विभिन्न खेल स्पर्धाओं के साथ हुआ। मुख्य उद्घाटन समारोह पुलिस लाइन मैदान में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी, सहरसा एवं पुलिस अधीक्षक, सहरसा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके बाद मार्च पास्ट का अवलोकन किया गया तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया गया। जिला पदाधिकारी ने 100 मीटर बालक दौड़ के प्रतिभागियों को हरी झंडी दिखाकर प्रतियोगिता का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर अपर समाहर्ता, सहरसा एवं जिला खेल पदाधिकारी द्वारा जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को पौधा एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया। खेल से अनुशासन और आत्मविश्वास का विकास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला खेल पदाधिकारी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास एवं टीम भावना विकसित करने के साथ उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से सक्षम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सरकार की ‘मेडल लाओ, नौकरी पाओ’ नीति का उल्लेख करते हुए खिलाड़ियों को खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर खिलाड़ियों में विशेष उत्साह एवं उमंग देखने को मिली।खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग का आश्वासन जिला पदाधिकारी, सहरसा ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि जिले के प्रतिभाशाली खिलाड़ी विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सहरसा, बिहार एवं देश का नाम रोशन करें, इसके लिए जिला प्रशासन हरसंभव सहयोग प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि खेल एवं खिलाड़ियों के विकास से जुड़ी योजनाओं का लाभ प्रतिभावान खिलाड़ियों तक पहुंचाने के साथ खेल सुविधाओं एवं आधारभूत संरचनाओं के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि सहरसा से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रतिभाशाली खिलाड़ी आगे आएंगे। 23 खेल विधाओं में प्रतिभागी करेंगे प्रदर्शन तीन दिनों तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में कुल 23 खेल विधाओं में प्रतिभागी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। विभिन्न स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी प्रतियोगिताओं के लिए किया जाएगा। प्रतियोगिता के सफल संचालन में श्री रोशन कुमार सिंह, श्री धौनी, श्री प्रमोद कुमार झा, श्री शशि भूषण, श्री समी अहमद, श्री नीतीश मिश्रा, श्री महेश कुमार, श्री तुषार कात्यान, श्री अमरिंद कुमार अमर, श्री सूरज कुमार गुप्ता, श्री शनी सिंह, श्री अरुण कुमार भारती सहित अन्य तकनीकी पदाधिकारियों एवं शारीरिक शिक्षा शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।









