
रिपोर्टर – अशोक शर्मा
जावरा। जावरा शहर पुलिस ने मुखबिर से प्राप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से शराब का परिवहन कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से विभिन्न प्रकार की शराब और एक मारुति ऑल्टो कार सहित करीब ₹1.98 लाख का मशरूका जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार 7 अक्टूबर 2026 की रात करीब साढ़े 9 बजे खाचरोद नाका, जावरा-खाचरोद रोड पर संदिग्ध वाहन की सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने सफेद रंग की मारुति ऑल्टो कार क्रमांक MP-07/CJ-2904 को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन से 4 पेटी देशी प्लेन एवं मसाला शराब, 1 पेटी 8 PM अंग्रेजी शराब तथा 6 पेटी MOUNTS 6000 बीयर केन बरामद किए गए।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने महेश सिंह पिता प्रताप सिंह राजपूत, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम राजाखेड़ी तथा धर्मेंद्र सिंह पिता विक्रम सिंह राजपूत, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम उकेड़िया, दोनों थाना औद्योगिक क्षेत्र जावरा, को गिरफ्तार किया।
जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब ₹48,000 तथा मारुति ऑल्टो कार की अनुमानित कीमत करीब ₹1.50 लाख बताई गई है। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा शराब के स्रोत और उसके गंतव्य के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस टीम की भूमिका यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार (भापुसे), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक युवराज सिंह चौहान के निर्देशन में थाना प्रभारी जावरा शहर निरीक्षक दीपक कुमार मण्डलोई के नेतृत्व में की गई।
कार्रवाई में उनि राकेश मैहरा, उत्ति ओपी राठौड़, सउनि सगीर खान, प्र.आर. जाकिर खान, आरक्षक नारायण सिंह, राजेश पटेल, राजेश पंवार, सुगड़ सिंह, दीपक यादव एवं अर्जुन सहित थाना जावरा शहर पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।









