
रिपोर्ट : राजीव गुप्ता,
आष्टा। नगर के शास्त्री स्कूल के पास स्थित परसराम कॉम्प्लेक्स में सकल हिंदू समाज के अध्यक्ष एवं पूर्व पार्षद नरेंद्र कुशवाहा के कार्यालय पर राकेश प्रशांत बागवान पिता श्री राम सिंह बागवान का स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। सकल हिंदू समाज में बागवान माली समाज का प्रतिनिधित्व करने की जिम्मेदारी मिलने पर समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उन्हें पुष्पमाला पहनाकर और साफा बांधकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उपस्थित समाजजनों ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में सकल हिंदू समाज के संरक्षक प्रेमनारायण शर्मा, संयोजक मुकेश नामदेव, सचिव मनीष डोंगरे, अचल किरार एवं मोंटू कौरी ने राकेश प्रशांत बागवान का स्वागत-सम्मान किया। इस अवसर पर सकल हिंदू समाज के विधि सलाहकार सुनील कचनेरिया, अमरचंद कुशवाहा पटेल, मां पार्वती धाम गौशाला समिति के कोषाध्यक्ष संजय सुराणा, शुभम कुशवाह सहित बागवान माली समाज के पटेल बाबूलाल बागवान, राकेश माली, हंसराज माली, महेश माली, हेमराज माली एवं अन्य समाजजन उपस्थित रहे।
सभी समाजों को साथ लेकर चलना ही उद्देश्य : नरेंद्र कुशवाहा स्वागत समारोह को संबोधित करते हुए सकल हिंदू समाज के अध्यक्ष नरेंद्र कुशवाहा ने कहा कि सकल हिंदू समाज का उद्देश्य सभी समाजों को साथ लेकर चलना, आपसी भाईचारे को प्रोत्साहित करना तथा सामाजिक एकता और समरसता को बढ़ावा देना है। सभी समाजों की धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सहभागिता से समाज और नगर में आपसी सद्भाव और मजबूत होता है।
उन्होंने कहा कि राकेश प्रशांत बागवान को बागवान माली समाज का प्रतिनिधित्व सौंपे जाने से समाज की सहभागिता को और विस्तार मिलेगा। सकल हिंदू समाज सभी समाजों को सम्मान एवं प्रतिनिधित्व देने की भावना के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राकेश प्रशांत बागवान समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाते हुए सामाजिक एकता और समरसता को आगे बढ़ाएंगे।
समाजहित में समर्पित भाव से कार्य करूंगा : राकेश प्रशांत बागवान इस अवसर पर राकेश प्रशांत बागवान ने सकल हिंदू समाज के पदाधिकारियों एवं उपस्थित समाजजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बागवान माली समाज का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलना उनके लिए गौरव की बात है। वे इस जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हुए समाज की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि सामाजिक एकता, आपसी सहयोग, भाईचारे और समरसता को बढ़ावा देना उनकी प्राथमिकता रहेगी। वे सकल हिंदू समाज के साथ मिलकर धार्मिक, सामाजिक एवं जनहित के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाएंगे तथा सभी समाजों को साथ लेकर चलने की दिशा में कार्य करेंगे।









