
रिपोर्ट: सुनील माली
नीमच। जिले में मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत जावद थाना पुलिस ने 55 किलोग्राम अवैध डोडाचूरा और मारुति ओमनी कार के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी कार की सीटों में विशेष जगह बनाकर डोडाचूरा का परिवहन कर रहा था।
पुलिस अधीक्षक नीमच श्री राजेश व्यास के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती हेमलता अग्रवाल एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस जावद श्री हर्ष राठौर के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज सिंह जादौन के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस चौकी सरवानिया महाराज की टीम ने लासुर-मोरवन रोड पर नागेश्वर मंदिर के सामने नाकाबंदी की। इस दौरान मारुति ओमनी कार क्रमांक MP 44 BC 1503 की जांच की गई। कार की सीटों में बनाई गई विशेष जगह से 55 किलोग्राम पिसा हुआ डोडाचूरा बरामद हुआ। मौके से आरोपी प्रहलाद पिता गब्बा चावड़ा, उम्र 40 वर्ष, निवासी श्योपुरिया (कुआ वाला), थाना कुकड़ेश्वर, जिला नीमच को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए थाना जावद में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी थाना मनासा एवं थाना जावद में दर्ज एनडीपीएस एक्ट के दो अन्य प्रकरणों में भी लंबे समय से फरार था।
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका इस कार्रवाई में थाना प्रभारी जावद निरीक्षक मनोज सिंह जादौन तथा पुलिस चौकी सरवानिया महाराज के पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामलों में आगे की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।









