
रिपोर्टर: संतोष केरावत,
रतलाम। विजयादशमी के पावन पर्व पर पुलिस लाइन रतलाम में पारंपरिक श्रद्धा और उत्साह के साथ शस्त्र पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर डीआईजी श्री निमिष अग्रवाल, कलेक्टर श्री अजय कटेसरिया एवं पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से शस्त्र पूजन कर परंपरा का निर्वहन किया।
कार्यक्रम के दौरान डीआईजी श्री निमिष अग्रवाल ने कद्दू की प्रतीकात्मक बलि दी। इसके पश्चात पुलिस गार्ड द्वारा हर्ष फायर किया गया। हवन कार्यक्रम में डीआईजी, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने आहुति देकर सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।
विजयादशमी के अवसर पर पुलिस लाइन रतलाम के साथ ही जिले के सभी थानों एवं पुलिस चौकियों में भी शस्त्र पूजन किया गया। इसी क्रम में रावटी थाने में थाना प्रभारी मनीष डावर ने विधिवत शस्त्र पूजन कर परंपरा का पालन किया।
कार्यक्रम में रतलाम ग्रामीण विधायक श्री मथुरालाल डामोर, महापौर श्री प्रहलाद पटेल, जिला विकास सलाहकार समिति के सदस्य श्री प्रदीप उपाध्याय सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा पत्रकार उपस्थित रहे।
विजयादशमी के पावन अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में परंपरा, आस्था और कर्तव्य के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया।









