
रिपोर्टर मनीष पटैय्या
बैतूल। बीजासनी माता मंदिर में 546 अखंड ज्योत प्रज्ज्वलित कर विधि-विधान के साथ प्रारंभ हुआ शारदीय नवरात्र महोत्सव भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। समापन अवसर पर माता के स्वरूप माने जाने वाले जवारों का ताप्ती माता से मिलन कराया गया। स्तुति, आरती और क्षमाप्रार्थना के साथ मंदिर समिति के सदस्यों ने माता को भावपूर्ण विदाई दी।
हवन, कन्या पूजन और भंडारे में उमड़े श्रद्धालु नवरात्र महोत्सव के अंतर्गत अष्टमी पर दुर्गासप्तशती हवन का आयोजन किया गया। नवमी के दिन कन्या पूजन के पश्चात विशाल भंडारा आयोजित हुआ, जिसमें लगभग 4 हजार श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने माता की आराधना कर परिवार और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
सेवा और भक्ति से भक्तिमय हुआ वातावरण नवरात्र के दौरान अखंड ज्योत और जवारों की सेवा, प्रतिदिन महाआरती, महाप्रसाद वितरण तथा भंडारे के आयोजन में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। मंदिर परिसर में पूरे नवरात्र भक्तिमय माहौल बना रहा। मंदिर समिति के सदस्यों और सेवाभावी कार्यकर्ताओं ने आयोजन की व्यवस्थाओं में योगदान दिया।
मंदिर समिति ने जताया आभार शारदीय नवरात्र महोत्सव के सफल समापन पर मंदिर समिति ने सभी श्रद्धालुओं, सेवाभावी कार्यकर्ताओं और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। माता की आराधना, सामूहिक सहभागिता और सेवा-भाव से संपन्न यह आयोजन श्रद्धा एवं भक्ति का संदेश देकर संपन्न हुआ।









