
रिपोर्टर : सूर्यकांत तळखंडे
कलमेश्वर। बाजार चौक स्थित ईखार देशी-विदेशी शराब दुकान पर 500 रुपये के जाली नोट से शराब खरीदने की घटना सामने आई है। दुकान प्रबंधन की सतर्कता के चलते दो मजदूरों को मौके पर ही पुलिस के हवाले किया गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें जाली नोट उपलब्ध कराने वाले ठेकेदार को भी गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 500 रुपये के कुल सात जाली नोट बरामद किए हैं। न्यायालय ने तीनों आरोपियों को एक दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 अगस्त 2026 को रविवार के साप्ताहिक बाजार के दौरान दो मजदूर बाजार चौक स्थित ईखार शराब दुकान पर पहुंचे। उन्होंने शराब खरीदने के लिए दुकान प्रबंधक को 500 रुपये का नोट दिया। नोट की जांच के दौरान प्रबंधक को उसके स्वरूप को लेकर संदेह हुआ। असली नोट से मिलान करने पर नोट जाली पाया गया। इसके बाद प्रबंधक ने दोनों व्यक्तियों को दुकान पर ही रोककर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर कलमेश्वर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 500 रुपये के सात जाली नोट बरामद हुए। दुकान प्रबंधक नरेंद्र शंकरराव वालदे (49), निवासी कोलबा स्वामी देवस्थान, कलमेश्वर की शिकायत पर पुलिस ने दिलीप कुंदीलाल यादव (39), निवासी बंजर वार्ड क्रमांक 13, तहसील बामनी, जिला मंडला तथा सुनील अशोक यादव (32), निवासी डोरली छत्रपुर, तहसील सिवनी, जिला सिवनी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 786/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 179, 180 एवं 3(5) में प्रकरण दर्ज किया।
जांच के दौरान दोनों आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने उनके ठेकेदार परमलाल भबुसिंग मालवी (25), निवासी वरोडा, तहसील कलमेश्वर को भी गिरफ्तार किया। तीनों आरोपियों को कलमेश्वर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें एक दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया।
पुलिस पूछताछ में परमलाल मालवी ने बताया कि उसे जाली नोट आकाश निखाडे, निवासी औद्योगिक क्षेत्र, कलमेश्वर से प्राप्त हुए थे। पुलिस अब मामले में आकाश निखाडे की भूमिका की जांच कर रही है और उससे जुड़े तथ्यों को सामने लाने के लिए कार्रवाई जारी है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक एवं उपविभागीय पुलिस अधिकारी के मार्गदर्शन में कलमेश्वर पुलिस थाने के पुलिस निरीक्षक मनोज कालबांडे, प्रभारी सहायक पुलिस निरीक्षक श्रीकांत नारमोड, पुलिस उपनिरीक्षक मल्हारी डोईफोडे, पुलिस उपनिरीक्षक प्रशांत खोब्रागडे, ग्रेड पुलिस उपनिरीक्षक मन्नान औरंगाबादी, पुलिस सिपाही मनीष सोनोने एवं राणा ठाकुर की टीम ने की। मामले की जांच जारी है।









