
रिपोर्टर – रघुवीर सिंह धाकड़
शमशाबाद। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर सामाजिक समरसता संकल्प अभियान के तहत शमशाबाद मंडल के ग्राम डंगरवाड़ा, बरुआखार एवं बरखेड़ा जागीर में संत रविदास कलश रथ यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा के दौरान कलश पूजन एवं बंधन कार्यक्रम संपन्न हुआ। साथ ही संत रविदास जी के विचारों और संदेशों का प्रचार-प्रसार किया गया तथा संतों का श्रद्धापूर्वक स्वागत किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा अजा मोर्चा जिला अध्यक्ष एवं कार्यक्रम के जिला संयोजक कमलेश मेहर ने कहा कि संत रविदास जी ने समाज को समानता, भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को एकजुट होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के बताए मार्ग पर चलते हुए सभी वर्गों को साथ लेकर सामाजिक एकता को मजबूत करना चाहिए।
कलश रथ यात्रा के दौरान ग्रामीणों में उत्साह और श्रद्धा का माहौल रहा। यात्रा के माध्यम से सामाजिक एकता, भाईचारे और सद्भावना का संदेश दिया गया। ग्रामीणों ने सामाजिक समरसता और एकजुटता को मजबूत करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रहलाद सिंह धाकड़, महामंत्री दिनेश चौरसिया, हरिसिंह अहिरवार, दीपक धाकड़, निहाल सिंह धाकड़, हरभजन सिंह धाकड़, डॉ. सुनील धाकड़ एवं बरखेड़ा जागीर सरपंच तोफान सिंह अहिरवार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।









