
रिपोर्ट — वीरेंद्र विश्वकर्मा
पठारी। ग्राम रुसल्ला में महामृत्युंजय मंत्र जाप एवं पार्थिव शिवलिंग निर्माण का धार्मिक आयोजन श्रद्धा और आस्था के साथ संपन्न हुआ। आयोजन ग्राम पंचायत उकावद के सरपंच शैलेंद्र सिंह ठाकुर के द्वारा किया गया, जिसमें ग्राम पंचायत क्षेत्र के नागरिकों ने सहभागिता कर भगवान शिव की आराधना की।
आयोजन के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। महामृत्युंजय मंत्र जाप एवं पार्थिव शिवलिंग निर्माण का धार्मिक अनुष्ठान पांच विद्वान ब्राह्मणों के सानिध्य में संपन्न हुआ।
अनुष्ठान के अंतिम चरण में पार्थेश्वर का दूध, जल एवं पंचामृत से महाभिषेक किया गया। इसके पश्चात पार्थिव शिवलिंग का विधि-विधान से विसर्जन किया गया। आयोजन के समापन पर भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
पूरे आयोजन में मुख्य यजमान के रूप में सरपंच शैलेंद्र सिंह ठाकुर ने सहभागिता की। धार्मिक आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का वातावरण बना रहा।









