
रिपोर्टर – कृष्ण चन्द्र भारती
मलौली, 1 अक्टूबर। अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर गुरुवार को हैंसर विकासखंड के उच्च प्राथमिक विद्यालय मलौली कंपोजिट में वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय वरिष्ठ नागरिकों को विद्यालय परिवार की ओर से फूल-माला पहनाकर एवं मिठाई खिलाकर सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रधानाध्यापक चंद्रशेखर भारती के नेतृत्व में आयोजित समारोह में वरिष्ठ नागरिक सुरेंद्र प्रसाद चतुर्वेदी का सम्मान किया गया। इस दौरान विद्यालय परिवार ने उनके विचार एवं आशीर्वचन प्राप्त किए। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को वरिष्ठ नागरिकों के जीवन अनुभव, सामाजिक योगदान एवं उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में जानकारी दी। साथ ही बच्चों को वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, आदर और सहयोग की भावना रखने के लिए प्रेरित किया गया।
सहायक अध्यापिका चंद्रकला ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के पास जीवन का व्यापक अनुभव होता है। उनके अनुभवों और सीख से नई पीढ़ी को जीवन की विभिन्न परिस्थितियों को समझने और उनसे सीख लेने का अवसर मिलता है।
सहायक अध्यापिका सुमन गुप्ता ने कहा कि बड़ों का आदर-सम्मान और उनके द्वारा दिए गए संस्कार व्यक्ति के व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वरिष्ठों से प्राप्त अनुभव और मार्गदर्शन जीवन में आगे बढ़ने की दिशा प्रदान करते हैं।
सहायक अध्यापक गणेश कुमार यादव ने कहा कि समाज में जहां भी संभव हो, वरिष्ठजनों की सहायता और सहयोग करना चाहिए। आपसी सहयोग, सम्मान और संवेदनशीलता से ही एक सशक्त एवं संस्कारवान समाज का निर्माण होता है। कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक चंद्रशेखर भारती, सहायक अध्यापिका चंद्रकला, सहायक अध्यापक शैलेन्द्र कुमार, गणेश कुमार यादव, सुमन गुप्ता, शिक्षामित्र सुब्रत चतुर्वेदी, अनुचर गजेन्द्र कुमार सैनी सहित विद्यालय स्टाफ एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।









