
रिपोर्ट: बलदेव रावला
घड़साना मंडी। चोरी के एक मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर सुखदेव नामक व्यक्ति पानी की टंकी पर चढ़ गया और अपनी बात प्रशासन तक पहुंचाने का प्रयास किया। सुखदेव का कहना है कि उसके घर से सोने-चांदी के आभूषण सहित कीमती सामान चोरी हुआ था। इस मामले में उसने पुलिस प्रशासन को शिकायत देकर आवश्यक कार्रवाई एवं सामान की बरामदगी की मांग की थी। मामले को लेकर अपनी मांग प्रशासन तक पहुंचाने के उद्देश्य से सुखदेव पानी की टंकी पर चढ़ गया। सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और उससे संवाद कर मामले में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाते हुए नीचे आने का आग्रह किया। इसी दौरान भाजपा कार्यकर्ता अंग्रेज नोखवाल भी मौके पर पहुंचे और सुखदेव से बातचीत कर उसे समझाया। पुलिस प्रशासन एवं अंग्रेज नोखवाल की समझाइश के बाद सुखदेव सुरक्षित रूप से पानी की टंकी से नीचे उतर आया। मामले के बाद संबंधित अधिकारियों द्वारा चोरी की शिकायत की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की बात सामने आई है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि मामले की जांच के बाद चोरी हुए सामान की बरामदगी एवं प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।









