
रिपोर्टर – अशोक शर्मा
रतलाम। सिंहस्थ-2028 के सफल, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण आयोजन की तैयारियों के साथ रतलाम पुलिस द्वारा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए ध्यान एवं योग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक कार्यालय के मीटिंग हॉल में हार्टफुलनेस ध्यान एवं योग के 5 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के 13वें बैच का अंतिम सत्र आयोजित हुआ। इसमें 26 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता की।
पुलिस महानिदेशक, मध्यप्रदेश के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार (भा.पु.से.) के मार्गदर्शन में पुलिस विभाग एवं हार्टफुलनेस संस्था के संयुक्त तत्वावधान में यह प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण की शुरुआत 29 सितंबर 2026 से हुई थी। अब तक आयोजित 13 बैचों में कुल 466 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी हार्टफुलनेस ध्यान एवं योग प्रशिक्षण से लाभान्वित हो चुके हैं।
ध्यान एवं योग से मानसिक संतुलन पर जोर
प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को हार्टफुलनेस ध्यान पद्धति के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। नियमित ध्यान, मानसिक शुद्धिकरण, प्रार्थना एवं योग के माध्यम से मन को शांत रखने, मानसिक संतुलन बनाए रखने तथा कार्यक्षमता को बेहतर करने के बारे में बताया गया। प्रशिक्षण सत्र में विभिन्न गतिविधियां कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व प्रशिक्षण के पुनरावलोकन से हुई। इसके बाद पुलिस विभाग में हार्टफुलनेस ध्यान के सकारात्मक प्रभावों से संबंधित वीडियो क्लिप प्रदर्शित की गई। पुलिसकर्मियों की कार्यशैली को ध्यान में रखते हुए बेहतर नींद एवं स्वास्थ्य के महत्व पर संवाद किया गया। सत्र में प्रार्थना के महत्व एवं उसकी विधि की जानकारी दी गई। एनिमेटेड वीडियो के माध्यम से इसे सरल तरीके से समझाया गया। इसके बाद पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक ध्यान का प्रायोगिक अभ्यास किया। अंत में प्रश्नोत्तर एवं संवाद सत्र आयोजित कर प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। नियमित अभ्यास के लिए दिए दिशा-निर्देश
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि पुलिसकर्मियों के नियमित अभ्यास के लिए प्रत्येक रविवार को जिले के सभी थानों में ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन माध्यम से हार्टफुलनेस ध्यान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिले में उपलब्ध हार्टफुलनेस प्रशिक्षकों की जानकारी एवं संपर्क नंबर भी साझा किए गए। गहन अभ्यास के लिए प्रशिक्षकों से व्यक्तिगत सिटिंग लेने की जानकारी भी दी गई। साथ ही पुलिस विभाग के आईडी कार्ड के माध्यम से पुलिसकर्मी सपरिवार कान्हा शांतिवनम आश्रम, हैदराबाद में तीन दिवसीय निःशुल्क प्रवास की सुविधा का लाभ ले सकते हैं। हार्टफुलनेस संस्था एवं पुलिस विभाग की सहभागिता हार्टफुलनेस संस्था की ओर से मुख्य प्रशिक्षक एवं स्वयंसेवक भाई निलेश शुक्ला, लोमेश शर्मा एवं धर्मेंद्र सिंह राठौड़ ने प्रशिक्षण सत्र का संचालन किया। पुलिस विभाग की ओर से आरआई श्री मोहन भर्रावत, सूबेदार श्री अनोखीलाल परमार एवं उनकी टीम ने सहयोग प्रदान किया। पुलिस अधीक्षक रतलाम श्री अमित कुमार के नेतृत्व में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के साथ पुलिसकर्मियों के स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन एवं कार्यक्षमता को बेहतर बनाने वाली गतिविधियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उद्देश्य है कि पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी पूर्ण ऊर्जा, सकारात्मक सोच और बेहतर कार्यक्षमता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए सिंहस्थ-2028 की व्यवस्थाओं में प्रभावी योगदान दें।









