
रिपोर्ट – जितेंद्र तिवारी
सागर, 8 अक्टूबर 2026। अरिहंत विहार कॉलोनी निवासी 101 वर्षीय वयोवृद्ध स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ताराचंद जैन के साथ हुई ऑनलाइन ठगी के मामले को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गंभीरता से लेते हुए तत्काल संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने अपनी मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से ताराचंद जैन को 1 लाख 80 हजार रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की है।जानकारी के अनुसार, विगत जुलाई माह में ऑनलाइन ठगी के माध्यम से ताराचंद जैन के बैंक खाते से दो बार में कुल 1 लाख 76 हजार रुपये की राशि निकाल ली गई थी। उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई थी। कार्रवाई की जानकारी नहीं मिलने पर उन्होंने कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत से सहायता की गुहार लगाई।
मुख्यमंत्री ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मोहली आगमन के दौरान ताराचंद जैन की उनसे भेंट कराई और पूरे प्रकरण से अवगत कराया। मुख्यमंत्री ने संवेदनशीलता दिखाते हुए सागर आईजी एवं एसपी को प्रकरण में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से तत्काल 1.80 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की।
स्वतंत्रता सेनानी राष्ट्र की धरोहर – मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि देश की आजादी में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राष्ट्र की धरोहर हैं। ऐसे महान सेनानी हमारे बीच उपस्थित हैं और उनका आशीर्वाद मिलना हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों की समस्याओं का प्राथमिकता के साथ निराकरण किया जाएगा।
जनप्रतिनिधियों ने जताया आभार
वयोवृद्ध स्वतंत्रता संग्राम सेनानी ताराचंद जैन के मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए त्वरित सहायता राशि स्वीकृत करने पर रामपुरा वार्ड पार्षद प्रतिनिधि पराग बजाज एवं जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य देवेंद्र फुसकेले ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का आभार व्यक्त किया है।









