
रिपोर्टर दीपक जैन
रतलाम। जिले में मादक पदार्थों की अवैध खेती और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत शिवगढ़ पुलिस ने ग्राम गुंजा में कार्रवाई करते हुए गांजे के 880 हरे पौधे जब्त किए। जब्त पौधों का कुल वजन 280.65 किलोग्राम बताया गया है, जिनकी अनुमानित कीमत 28 लाख 6 हजार 500 रुपये है। पुलिस ने इस मामले में ग्राम गुंजा निवासी 52 वर्षीय वीरू पारगी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) विवेक कुमार लाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) राकेश पंद्रो और एसडीओपी (ग्रामीण) किशोर पाटनवाला के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
थाना प्रभारी शिवगढ़ निरीक्षक लिलियन मालवीय को सूचना मिली थी कि ग्राम गुंजा निवासी वीरू पारगी अपने खेत में गांजे के पौधे उगा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। खेत में मौजूद एक व्यक्ति को पुलिस ने पकड़कर पूछताछ की, जिसने अपना नाम वीरू पिता शम्भू पारगी, उम्र 52 वर्ष, निवासी ग्राम गुंजा बताया।
कपास और मक्का की फसल के बीच मिले पौधे
पुलिस टीम ने खेत की तलाशी ली तो कपास और मक्का की खड़ी फसल के बीच गांजे के पौधे मिले। पंचों की उपस्थिति में पौधों की गिनती और तौल की गई। इस दौरान कुल 880 हरे पौधे मिले, जिनका वजन 280.65 किलोग्राम और अनुमानित मूल्य 28 लाख 6 हजार 500 रुपये आंका गया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज
पुलिस ने आरोपी वीरू पारगी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि खेती से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या है और गांजे की आपूर्ति कहां की जानी थी।
पुलिस टीम की भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक लिलियन मालवीय, उपनिरीक्षक प्रतापसिंह भदोरिया, उपनिरीक्षक अजमेरसिंह भुरिया, उपनिरीक्षक ईशाक मोहम्मद खान, प्रधान आरक्षक रघुवीरसिंह शक्तावत, प्रधान आरक्षक जितेन्द्रपालसिंह राठौर, आरक्षक मनीष खराड़ी, आरक्षक सचिन पाटीदार, आरक्षक विकास जादौन और महिला आरक्षक रंजिता मोदी की भूमिका रही।
रतलाम पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थों की अवैध खेती पर नियंत्रण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के प्रयासों के तहत देखा जा रहा है।









