
रिपोर्टर : राजेश कौशल
अंतागढ़। बस्तर में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में 20 अक्टूबर को महत्वपूर्ण पहल होने जा रही है। रावघाट रेलवे स्टेशन से रायपुर–रावघाट ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़कर ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। वहीं, रायपुर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।
अंतागढ़ विधायक विक्रम उसेंडी ने इस रेल सेवा को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि रेल नेटवर्क का विस्तार दूरस्थ अंचलों को राजधानी रायपुर से जोड़ने में सहायक होगा। इस सुविधा से विद्यार्थियों, किसानों, व्यापारियों, श्रमिकों और उपचार के लिए रायपुर जाने वाले नागरिकों को आवागमन का बेहतर विकल्प मिलेगा।
किफायती यात्रा के साथ विकास को मिलेगा बढ़ावा रायपुर तक ट्रेन सेवा शुरू होने से क्षेत्रवासियों को सड़क मार्ग के साथ रेल से यात्रा करने की सुविधा भी मिलेगी। किफायती किराये पर सफर का विकल्प उपलब्ध होने से यात्रियों को लाभ मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही क्षेत्र में व्यापार, पर्यटन और रोजगार की संभावनाओं को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
विधायक विक्रम उसेंडी ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे 20 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे रावघाट रेलवे स्टेशन पहुंचकर ट्रेन सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम में सहभागी बनें। उन्होंने कहा कि रेल संपर्क का विस्तार क्षेत्रवासियों के लिए बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने और क्षेत्र के विकास को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।









