
रिपोर्टर मनीष पटैय्या
बैतूल। ग्राम पंचायत बडोरा के भीमनगर मोहल्ले में 50 से 60 वर्षों से रह रहे गरीब परिवार स्वामित्व योजना के लाभ से वंचित हैं। राजस्व अभिलेखों में भूमि चरागाह के रूप में दर्ज होने के कारण उनके मकानों के स्वामित्व संबंधी दस्तावेज नहीं बन पा रहे हैं। इस समस्या के निराकरण की मांग को लेकर रहवासियों ने 27 अक्टूबर को कलेक्टर के नाम आवेदन सौंपा।
आवेदन के अनुसार, मोहल्ले में रहने वाले अधिकांश परिवार गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करते हैं और मेहनत-मजदूरी कर अपना भरण-पोषण करते हैं। रहवासियों का कहना है कि वे कई दशकों से यहां रह रहे हैं। ग्राम पंचायत द्वारा पूर्व में कुछ परिवारों को आवास के लिए पट्टे भी दिए गए थे। इसके अलावा, कई परिवारों के मकान इंदिरा आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत बनाए गए हैं।
रहवासियों ने बताया कि उनके पास भीमनगर के पते पर आधार कार्ड, मतदाता परिचय पत्र और बिजली बिल सहित अन्य दस्तावेज हैं। इसके बावजूद राजस्व अभिलेखों में भूमि चरागाह दर्ज होने के कारण उन्हें स्वामित्व योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने प्रशासन से भूमि संबंधी अभिलेखों की जांच कर समस्या का समाधान करने और पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।
प्रभावित परिवारों की ओर से मनीष चौकीकर और श्रीमती कविता पवार ने आवेदन सौंपा। आवेदन की प्रतियां ग्राम पंचायत बडोरा के सरपंच और हल्का पटवारी को भी भेजी गई हैं।









