
रिपोर्टर: दिलीप माहेश्वरी
बलौदाबाजार। भारतीय जनता पार्टी द्वारा आगामी 4 नवंबर को बलौदाबाजार में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के नारे के साथ रैली आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम में लगभग 10 हजार लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। रैली की तैयारियों को लेकर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की आवश्यक बैठक और कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए दिशा-निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री गौरीशंकर अग्रवाल, भाजपा प्रदेश कोर कमेटी सदस्य एवं पूर्व विधायक श्री शिवरतन शर्मा, सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े, जिला अध्यक्ष श्री आनंद यादव, वरिष्ठ नेता डॉ. अजय राव, प्रदेश सह संयोजक टेसूलाल धुरंधर, पूर्व अध्यक्ष योगेश चंद्राकर, राकेश तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आकांक्षा जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा तथा जिला महामंत्री विजय यादव प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
कार्यकर्ताओं को दिया मार्गदर्शन
कार्यशाला में जिला अध्यक्ष श्री आनंद यादव ने स्वागत भाषण दिया। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री गौरीशंकर अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को जनता से निरंतर संपर्क बनाए रखने और पार्टी के कार्यक्रमों में दिए गए दिशा-निर्देशों का पालन करने की बात कही। उन्होंने कहा कि सामूहिक जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए आगामी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी को मिलकर तैयारी करनी चाहिए।
पूर्व विधायक श्री शिवरतन शर्मा ने रैली के उद्देश्य, संगठन की भूमिका और कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में मार्गदर्शन दिया। उन्होंने आयोजन में कार्यकर्ताओं की सहभागिता और समन्वय के महत्व पर प्रकाश डाला।
सक्रिय सहभागिता की अपील
सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से रैली को सफल बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
कार्यशाला में रैली के माध्यम से लोकतंत्र की रक्षा, जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और संगठन की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। पार्टी पदाधिकारियों ने निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्यक्रम की तैयारियों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।









