
रिपोर्टर दिलीप नेताम
गरियाबंद। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर देशभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया। इसी क्रम में गरियाबंद के विभिन्न पारा-टोला सहित सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में भी जन्माष्टमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। श्री भूतेश्वर नाथ बाल संस्कार समिति द्वारा संचालित सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में सुबह से ही उत्सव का माहौल रहा। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नन्हे-मुन्ने बच्चों की राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा और मटकी फोड़ प्रतियोगिता रही। सैकड़ों बच्चे भगवान श्रीकृष्ण और राधा के स्वरूप में नजर आए। किसी ने मोरपंखी मुकुट धारण किया तो कोई हाथों में बांसुरी लिए दिखाई दिया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों से विद्यालय परिसर में ब्रज की संस्कृति और भक्ति का सुंदर वातावरण नजर आया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और मटकी फोड़ प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। अभिभावकों के लिए भी विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें उन्होंने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। इसके साथ ही सामूहिक डांडिया नृत्य ने कार्यक्रम में उत्साह और उमंग का रंग भर दिया। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष लालिमा ठाकुर, प्राचार्य चैन सिंह बघेल, व्यवस्थापक सत्य प्रकाश मानिकपुरी, वर्षा तिवारी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास के साथ उन्हें भारतीय संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।









