
रिपोर्टर : दिलीप माहेश्वरी
बलौदाबाजार। जैन समाज द्वारा मनाए जा रहे दस दिवसीय पर्यूषण पर्व के पांचवें दिन उत्तम सत्य धर्म की आराधना श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ की गई। इस अवसर पर समाज के महिला-पुरुष एवं बच्चों ने मंदिर पहुंचकर भगवान का पूजन-अभिषेक किया और धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता निभाई। मन, वचन और कर्म से सत्य का पालन पर्यूषण पर्व के पांचवें दिन उत्तम सत्य धर्म के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि सत्य का अर्थ केवल वाणी से सच बोलना ही नहीं, बल्कि मन, वचन और कर्म से सत्य का पालन करना भी है। जैन धर्म में सत्य को प्रमुख धार्मिक मूल्यों में स्थान दिया गया है। सत्य का पालन व्यक्ति के जीवन में आत्मिक शांति और सकारात्मक सोच को बढ़ावा देता है। लोहड़िया परिवार ने किया शांतिधारा का पुण्यार्जन धार्मिक आयोजन के दौरान शांतिधारा करने का सौभाग्य आशुतोष लोहड़िया एवं समस्त लोहड़िया परिवार को प्राप्त हुआ। प्रथम चार कलश अभिषेक का पुण्यार्जन कैलाश मनोज पाटनी, जितेंद्र जैन कृष्णायन, परख जैन एवं मनोज दिव्यांश पाटनी परिवार को प्राप्त हुआ।समाजजनों की सहभागिता से आयोजन पर्यूषण पर्व के सभी कार्यक्रम समाज अध्यक्ष संदीप जैन एवं सचिव अनुराग जैन के मार्गदर्शन तथा समाजजनों के सहयोग से श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किए जा रहे हैं। मंदिर में प्रतिदिन समाजजन बड़ी संख्या में उपस्थित होकर पूजन, अभिषेक एवं अन्य धार्मिक कार्यक्रमों में सहभागिता कर रहे हैं।









