
रिपोर्टर- मुकेश चौधरी
शिवपुरी। जिले में मदिरा के अवैध निर्माण, भंडारण एवं परिवहन पर नियंत्रण के लिए प्रशासन द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा के निर्देश पर राजस्व, पुलिस एवं आबकारी विभाग की संयुक्त टीम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण एवं जांच की जा रही है। इसी क्रम में संयुक्त टीम ने पिछोर क्षेत्र के ग्राम सालौरा एवं ग्राम करारखेड़ा में कार्रवाई करते हुए कुल 510 लीटर कच्ची शराब जब्त की तथा करीब 2000 लीटर लहान मौके पर नष्ट कराया।
ग्राम सालौरा में 450 लीटर शराब जब्त संयुक्त टीम को ग्राम सालौरा में कच्ची शराब से संबंधित गतिविधियों की सूचना प्राप्त हुई थी। टीम ने रोहित उर्फ भूरा लोधी के खेत पर पहुंचकर जांच की। यहां 8 ड्रमों में करीब 1500 लीटर लहान पाया गया, जिसे मौके पर ही नष्ट कराया गया। इसके साथ ही 3 ड्रमों में रखी करीब 450 लीटर कच्ची शराब जब्त की गई। संबंधित व्यक्ति मौके पर मौजूद नहीं मिला। ग्राम करारखेड़ा में 60 लीटर शराब जब्त इसके बाद टीम ने ग्राम करारखेड़ा में हरेन्द्र चौहान पुत्र प्रहलाद चौहान के खेत पर जांच की। यहां 3 प्लास्टिक ड्रमों में करीब 500 लीटर लहान पाया गया, जिसे मौके पर नष्ट कराया गया। टीम ने 60 लीटर कच्ची शराब जब्त करते हुए हरेन्द्र चौहान को मौके पर अभिरक्षा में लिया। कुल 510 लीटर शराब जब्त पूरी कार्रवाई के दौरान 11 प्लास्टिक ड्रमों में रखा करीब 2000 लीटर लहान, अनुमानित कीमत 20 हजार रुपये, नष्ट कराया गया। वहीं 510 लीटर कच्ची शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 51,500 रुपये बताई गई है, जब्त की गई। प्रकरणों में संबंधित प्रावधानों के तहत कार्रवाई दर्ज कर आगे की प्रक्रिया की जा रही है। प्रशासन द्वारा जिले में नियमानुसार जांच एवं कार्रवाई का क्रम आगे भी जारी रहेगा। संयुक्त टीम की भूमिका कार्रवाई में एसडीएम पिछोर श्रीमती ममता शाक्य, तहसीलदार शिवशंकर गुर्जर, आबकारी उपनिरीक्षक विनीत शर्मा, कंट्रोल रूम प्रभारी उपनिरीक्षक राहुल गुप्ता, थाना प्रभारी निरीक्षक नीतू सिंह, उपनिरीक्षक रामकिशोर जोशी, कमल सिंह बंजारा सहित राजस्व, पुलिस एवं आबकारी विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों का सहयोग रहा।









