
रिपोर्ट- अनूप तिवारी
खरगोन। शहर के नूतन नगर स्थित नाग मंदिर में प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचने के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना रविवार और सोमवार की दरमियानी रात की बताई जा रही है। सोमवार सुबह मंदिर में प्रतिमाओं की स्थिति की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्रवासियों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक जानकारी जुटाई और मामले की जांच प्रारंभ की। पुलिस द्वारा मंदिर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की जा रही है। मामले से जुड़े कुछ संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की जा रही है। शहर थाना प्रभारी बी.एल. मंडलोई ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और जांच जारी है। पुलिस द्वारा उपलब्ध साक्ष्यों एवं सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को भी बेहतर किया जा रहा है।









