
रिपोर्टर- राहुल पवार
भैरूंदा। दुकानों एवं प्रतिष्ठानों में कार्यरत कर्मचारियों के वेतन और कार्य समय से जुड़े विषयों को लेकर कर्मचारी संगठन ने मंगलवार को एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने कर्मचारियों की समस्याओं के निराकरण के साथ श्रम नियमों के अनुरूप वेतन, कार्य समय और सुविधाएं सुनिश्चित करने की मांग की।संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र की कुछ दुकानों एवं प्रतिष्ठानों में नए कर्मचारियों को ₹2,500 से ₹3,000 प्रतिमाह वेतन पर कार्य दिए जाने की जानकारी सामने आई है। संगठन ने नए कर्मचारियों के लिए न्यूनतम ₹10,000 प्रतिमाह वेतन निर्धारित करने की मांग की। साथ ही लंबे समय से कार्यरत कर्मचारियों को उनके अनुभव, योग्यता और कार्य की जिम्मेदारियों के अनुरूप वेतन देने का आग्रह किया गया। ज्ञापन में कार्य समय से जुड़े विषय को भी शामिल किया गया। संगठन ने बताया कि कुछ स्थानों पर कर्मचारियों से प्रतिदिन 12 से 13 घंटे तक कार्य लिया जा रहा है। संगठन ने संबंधित विभाग से कार्य समय, वेतन और अन्य सुविधाओं की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कदम उठाने की मांग की। सोमवार तक कार्रवाई की मांग कर्मचारी संगठन ने प्रशासन से मांगों पर शीघ्र विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। संगठन ने कहा कि यदि सोमवार तक मांगों पर संतोषजनक जवाब या समाधान नहीं मिलता है, तो आगे आंदोलन और हड़ताल के संबंध में निर्णय लिया जा सकता है। संगठन ने प्रशासन से संबंधित दुकानों एवं प्रतिष्ठानों में नियमानुसार कार्य परिस्थितियों और वेतन व्यवस्था सुनिश्चित कराने का आग्रह किया है।









