
रिपोर्टर – संतोष केरावत
पुष्पवर्षा और ढोल-नगाड़ों के साथ ग्रामीणों ने किया स्वागत, समरसता एवं समानता का दिया संदेश संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जा रही वंदन समरसता यात्रा का ग्राम गडावदिया में ग्रामीणों द्वारा उत्साहपूर्वक स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। यात्रा के ग्राम में पहुंचने पर ग्रामीणों, महिलाओं, युवाओं एवं वरिष्ठजनों ने पुष्पवर्षा और ढोल-नगाड़ों के साथ यात्रियों का स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पर संत रविदास जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन किया गया। इसके बाद आयोजित सभा में वक्ताओं ने संत रविदास जी के जीवन दर्शन और उनके समरसता एवं समानता के संदेश पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने संत रविदास जी के प्रसिद्ध संदेश “मन चंगा तो कठौती में गंगा” का उल्लेख करते हुए कहा कि उनके विचार आज भी समाज में आपसी प्रेम, समानता, सद्भाव और एकता की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देते हैं। इस अवसर पर ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक, पंचगण, जनप्रतिनिधि, ब्लॉक समन्वयक, परामर्शदाता, स्थानीय शिक्षक, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति की ओर से सभी ग्रामवासियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। वंदन समरसता यात्रा का कार्यक्रम उत्साह एवं सामाजिक सद्भाव के वातावरण में संपन्न हुआ।









