
रिपोर्ट – भगत राम शर्मा
सक्ती। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान शुक्रवार को सक्ती जिला प्रवास पर हेलिकॉप्टर से जेठा स्थित कॉलेज ग्राउंड हेलीपेड पहुंचे। उनके साथ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी सक्ती पहुंचे। दोनों नेताओं के आगमन पर हेलीपेड पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं स्थानीय लोगों ने आत्मीय स्वागत किया। केंद्रीय मंत्री के स्वागत के लिए 50 सदस्यीय श्री सिद्धेश्वरनाथ महिला कर्मा पार्टी द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई। पारंपरिक वाद्ययंत्रों और सांस्कृतिक कार्यक्रम के बीच केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का स्वागत किया गया। हेलीपेड पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, जिले के प्रभारी मंत्री एवं छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, जांजगीर-चांपा लोकसभा सांसद कमलेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष द्रौपदी कीर्तन चंद्रा, आईजी राम गोपाल गर्ग, कलेक्टर जयश्री जैन, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ वासु जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर केंद्रीय मंत्री एवं मुख्यमंत्री का स्वागत किया। केंद्रीय मंत्री एवं मुख्यमंत्री के जिला प्रवास को लेकर जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक तैयारियां की गई थीं। स्वागत कार्यक्रम के बाद केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय हेलीपेड से निर्धारित कार्यक्रम स्थल के लिए रवाना हुए।









