
रिपोर्टर – रामनारायण पाटीदार
धार। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान 2026 के अंतर्गत मुख्य सचिव मध्य प्रदेश शासन श्री अशोक बर्णवाल ने धार जिला मुख्यालय पर संचालित कन्या आवासीय परिसर एवं मेडिकल कॉलेज निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान सचिव मुख्यमंत्री मध्य प्रदेश शासन डॉ. सुदाम खाड़े भी उपस्थित रहे। मुख्य सचिव श्री बर्णवाल ने कन्या आवासीय परिसर के निरीक्षण के दौरान अध्ययनरत बालिकाओं से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने उनकी पढ़ाई, परिसर में संचालित गतिविधियों तथा भविष्य की योजनाओं के संबंध में जानकारी ली। कक्षा 12वीं कला संकाय की बालिकाओं से उन्होंने इतिहास विषय से संबंधित प्रश्न पूछकर अध्ययन की जानकारी प्राप्त की। वहीं गणित विषय की बालिकाओं से पढ़ाई एवं भविष्य की योजनाओं को लेकर चर्चा की। बालिकाओं ने भी मुख्य सचिव से प्रशासनिक सेवाओं में उनके अनुभव एवं कार्ययात्रा के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने परिसर में स्थित भौतिक विज्ञान प्रयोगशाला, कम्प्यूटर प्रयोगशाला एवं संचालित कक्षाओं का निरीक्षण किया। शिक्षकों को सभी बालिकाओं को नियमित रूप से प्रायोगिक कार्य करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेल गतिविधियों एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों की जानकारी भी ली।मुख्य सचिव श्री बर्णवाल ने कहा कि बालिकाओं के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों को भी नियमित रूप से बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने कलेक्टर को बालिकाओं के लिए आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। 25 एकड़ में 267 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा मेडिकल कॉलेज मुख्य सचिव श्री बर्णवाल ने जी प्लस 7 संरचना के रूप में विकसित किए जा रहे मेडिकल कॉलेज के निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से निर्माण कार्य की कार्ययोजना एवं प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्माण कार्य को निर्धारित समय-सीमा के अनुरूप गति प्रदान करने तथा सभी कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए।उल्लेखनीय है कि 25 एकड़ भूमि में लगभग 267 करोड़ रुपये की लागत से मेडिकल कॉलेज, अस्पताल, हॉस्टल एवं स्टाफ क्वार्टर का निर्माण किया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज परिसर को पांच ब्लॉकों में विकसित किया जा रहा है। इसमें छह मंजिला कॉलेज भवन, सात मंजिला अस्पताल तथा नौ मंजिला हॉस्टल एवं स्टाफ क्वार्टर का निर्माण प्रस्तावित है। मुख्य सचिव ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता एवं गति बनाए रखने तथा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। मेडिकल कॉलेज के निर्माण से क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को नई दिशा मिलेगी। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना, पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती पारूल व्यास जैन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिता सिंगारे सहित संबंधित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।









