
रिपोर्टर – भगवानदास शाह
बुरहानपुर, 06 सितंबर। आगामी गणेशोत्सव को पर्यावरण-अनुकूल एवं सार्थक रूप से मनाने के उद्देश्य से रोटरी क्लब ऑफ बुरहानपुर प्राइम द्वारा “पर्यावरण बचाएँ, मिट्टी अपनाएँ” अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से शहरवासियों से अपने घरों में मिट्टी से निर्मित पर्यावरण-अनुकूल गणेशजी की प्रतिमा स्थापित करने और घर पर ही विसर्जन करने का संदेश दिया जा रहा है। क्लब द्वारा बताया गया कि मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाएँ प्राकृतिक एवं जैव-अवक्रमणीय होती हैं। इनका घर पर विसर्जन कर मिट्टी को पौधों में उपयोग किया जा सकता है। इस पहल से जलस्रोतों की स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने में सहयोग मिलता है। अभियान के अंतर्गत रोटरी क्लब ऑफ बुरहानपुर प्राइम द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर, लालबाग, बुरहानपुर में विशेष जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के लगभग 50 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान क्लब अध्यक्ष श्री गेंदालाल प्रजापति ने विद्यार्थियों को स्वयं मिट्टी से गणेशजी की प्रतिमा बनाने का प्रशिक्षण दिया। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह एवं रुचि के साथ मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाना सीखा। श्री प्रजापति ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने घरों में मिट्टी के गणेशजी की स्थापना करें और परिवारजनों, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी पर्यावरण-अनुकूल गणेशोत्सव के लिए प्रेरित करें। इस अवसर पर क्लब अध्यक्ष श्री गेंदालाल प्रजापति ने कहा कि रोटरी क्लब ऑफ बुरहानपुर प्राइम पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यों को निरंतर प्रोत्साहित करता रहा है। “पर्यावरण बचाएँ, मिट्टी अपनाएँ” अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण का संदेश अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाना है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण मिल सके। उन्होंने बुरहानपुर के नागरिकों से अपील की कि इस वर्ष मिट्टी के गणेशजी अपनाकर पर्यावरण संरक्षण की पहल में सहभागिता करें। उन्होंने कहा कि बच्चों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रत्येक परिवार तक आसानी से पहुँचाया जा सकता है। कार्यक्रम में रोटरी क्लब अध्यक्ष श्री गेंदालाल प्रजापति, पूर्व अध्यक्ष श्री जगदीश गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष श्री प्रवीण चापोरकर, मनोज शाह, कमल कुमार बत्रा, मीनाक्षी महाजन सहित क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। विद्यालय की ओर से प्राचार्य श्री जयभगवती भावसार, उप प्राचार्य श्री कैलाश कोल्हे सहित शिक्षकगण मौजूद रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रोटरी क्लब के सदस्यों द्वारा अभियान का संदेश सोशल मीडिया के विभिन्न मंचों के माध्यम से भी साझा किया जा रहा है। इससे पर्यावरण-अनुकूल गणेशोत्सव के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ रही है और मिट्टी के गणेशजी अपनाने का संदेश व्यापक रूप से लोगों तक पहुँच रहा है।









