
रिपोर्टर राहुल पवार
भैरूंदा। आगामी गणेश उत्सव, नवदुर्गा स्थापना, दशहरा एवं दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को भैरूंदा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने त्योहारों के दौरान सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, विद्युत व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन को लेकर आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रशांत चौबे, नगर परिषद अध्यक्ष मारुति शिशिर, अनुविभागीय पुलिस अधिकारी रोशन जैन, बिजली विभाग के कनिष्ठ अभियंता नरेंद्र प्रताप ठाकरे, नायब तहसीलदार रामदास गोरेले, मुख्य नगर पालिका अधिकारी राम प्रसाद भवरे, थाना प्रभारी घनश्याम दांगी सहित पार्षद, व्यापारी एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि त्योहारों के दौरान प्रमुख धार्मिक स्थलों, गणेश प्रतिमाओं एवं दुर्गा पंडालों पर आवश्यक पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। प्रमुख क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष निगरानी रखी जाएगी। पंडालों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा आयोजकों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी चर्चा हुई। त्योहारों के दौरान नगर में बढ़ने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए प्रमुख चौराहों, बाजार क्षेत्रों एवं जुलूस मार्गों पर सुचारु यातायात व्यवस्था के लिए आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे। शोभायात्राओं एवं जुलूसों के दौरान आम नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिले, इसके लिए पुलिस एवं प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्था की जाएगी। बैठक में शांति समिति के सदस्यों, आयोजकों एवं नागरिकों से अपील की गई कि सभी पर्व आपसी भाईचारे, सद्भाव एवं उत्साह के साथ मनाएं। नागरिक किसी भी जानकारी की पुष्टि के लिए प्रशासन एवं पुलिस से संपर्क करें तथा नगर की शांति, सौहार्द एवं सुरक्षा बनाए रखने में सहयोग प्रदान करें। अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए प्रशासन, पुलिस, आयोजकों और नागरिकों का आपसी सहयोग महत्वपूर्ण है।









