
रिपोर्टर – रूपकिशोर सैनी
गोवर्धन। क्षेत्र के सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों में सोमवार को गणेश चतुर्थी का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। विद्यालयों में भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, सुख-समृद्धि और विद्यालय की प्रगति की कामना की गई। गांव अड़ींग स्थित दीन दयाल इंटर कॉलेज में गणेश चतुर्थी के अवसर पर विशेष धार्मिक आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना की गई। छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने भगवान गणेश को पुष्प अर्पित किए और आरती की। इस दौरान ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से विद्यालय परिसर भक्तिमय हो गया।विद्यालय के प्रधानाचार्य दिनेश चंद यादव ने कहा कि भगवान गणेश को विघ्नहर्ता तथा बुद्धि-विवेक का देवता माना जाता है। विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से परिचित कराने के उद्देश्य से विद्यालय में समय-समय पर ऐसे आयोजन किए जाते हैं। उन्होंने सभी को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य और सभी के सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के दौरान शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं छात्र-छात्राओं में उत्साह दिखाई दिया। पूजा-अर्चना के बाद भगवान गणेश की आरती की गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।









